Kanpur News: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ के बाद पहली बार शुक्रवार को कानपुर पहुंचे। प्रधानमंत्री ने एयरपोर्ट पर ही पहलगाम की आतंकी हमले में मारे गये शुभम द्विवेदी के परिजनों से मुलाकात भी की। प्रधानमंत्री ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि शुभम का बलिदान व्यर्थ नहीं जायेगा और आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
एयरपोर्ट पर ही प्रधानमंत्री मोदी ने 22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले में मारे गये कानपुर निवासी शुभम द्विवेदी के परिजनों से मुलाकात की। परिजनों को नरवल एसडीएम लेकर एयरपोर्ट पहुंचे थे। करीब आठ मिनट की इस मुलाकात में मोदी के सामने शुभम के पिता संजय, मां सीमा और पत्नी ऐशन्या भावुक हो गये। प्रधानमंत्री से शुभम की मां ने कहा कि हमारे बेटे की मौत जाया न होने पाये। परिजनों के आंसू देख कर मोदी भी भावुक हो गये। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ ऑपरेशन सिन्दूर अभी थमा है, खत्म नहीं हुआ और यह आगे भी जारी रहेगा। शुभम की पत्नी ऐशन्या ने पति को शहीद का दर्जा देने की मांग की है। पिता संजय ने बताया कि प्रधानमंत्री ने हमारी पूरी बातों को सुना और कहा कि पूरा देश आपके साथ खड़ा है। ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ के तहत आतंकवाद के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गयी है। उन्होंने वादा किया है कि वह आतंकवाद का समूल नाश कर देंगे।
प्रधानमंत्री ने पहलगाम आतंकी हमले में मारे गये शुभम के परिजनों से की मुलाकात

Share this:


