Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:


Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:

☀️
–°C
Fetching location…

राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा मुजफ्फरपुर पहुंची

राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा मुजफ्फरपुर पहुंची
  • चुनाव आयोग पर वोट चोरी का लगाया आरोप
  • वोटर अधिकार यात्रा में एमके स्टालिन भी हुए शामिल

Patna News : बिहार में मतदाता विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) के बीच राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा बुधवार को दरभंगा से मुजफ्फरपुर पहुंची। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन भी यात्रा में शामिल हुए। मुजफ्फरपुर में जन संवाद कार्यक्रम में राहुल गांधी ने चुनाव आयोग और भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाया, जबकि स्टालिन ने बिहार की लोकतांत्रिक ताकत की सराहना की।

वोटर अधिकार यात्रा की शुरुआत दरभंगा के गंगवारा महावीर स्थान से हुई और सुबह 10:30 बजे मुजफ्फरपुर जिले के गया घाट प्रखंड अन्तर्गत जारंग स्थित शाही दरबार के पास पहुंची।
दोपहर 12 बजे मुजफ्फरपुर के जारंग हाई स्कूल में जन संवाद सभा में राहुल गांधी ने कहा कि हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा में वोट की चोरी हुई है। लोकसभा चुनाव 2024 भी चोरी की गयी है। हम सभी जगहों के सबूत दिखायेंगे। संविधान की किताब दिखाते हुए कहा कि एक व्यक्ति को एक वोट का अधिकार है, लेकिन चुनाव आयोग आज संविधान पर हमला कर रहा है। बिहार में 65 लाख लोगों के नाम काट दिए हैं। दलितों, पिछड़ों-अतिपिछड़ों और अल्पसंख्यकों का वोट कट रहा है।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कहा कि बिहार का नाम आते ही लालू यादव याद आते हैं। करुणानिधि और लालू यादव घनिष्ठ मित्र रहे। कितने ही मुकदमे और विपरीत परिस्थितियां आयीं, लेकिन भाजपा से डरे बिना डटे रहने के कारण ही लालू प्रसाद यादव देश के बड़े नेताओं में से एक हैं। उनके पदचिह्नों पर पुत्र तेजस्वी यादव संघर्ष कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री स्टालिन ने कहा कि पिछले एक महीने से पूरा भारत केवल बिहार को देख रहा है। यही बिहार की ताकत है। यही राहुल गांधी की ताकत है। जब भी देश में लोकतंत्र पर खतरा आया, उसका बिगुल बिहार ने ही फूंका, यही इतिहास है। एमके स्टालिन ने कहा कि लोकनायक जय प्रकाश नारायण ने बिहार से ही लोकतंत्र और समाजवाद की आवाज बुलंद की और जनता को संगठित किया। वही कार्य मेरे प्रिय भाई राहुल गांधी और तेजस्वी यादव यहां कर रहे हैं। चुनाव आयोग को वह (भाजपा) रिमोट से चलनेवाली कठपुतली बना चुके हैं। 65 लाख बिहार वासियों को मतदाता सूची से हटाना लोकतंत्र की हत्या है।

Share this:

Latest Updates