Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:


Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:

☀️
–°C
Fetching location…

Schemes : CM हेमंत बोले, वीरों, शहीदों व आंदोलनकारियों के सपनों का झारखंड बनाने का लें संकल्प  

Schemes : CM हेमंत बोले, वीरों, शहीदों व आंदोलनकारियों के सपनों का झारखंड बनाने का लें संकल्प  

Jharkhand Update News, Western Singhbhum, Novamundi, CM Started Many Schemes : गुवा गोली कांड के वीर शहीदों को शत-शत नमन। अपने इन वीर शहीदों के सम्मान में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में हम उनके बलिदान को याद कर रहे हैं। इस अवसर पर हम सभी अपने शहीदों, पूर्वजों और आन्दोलनकारियों के आदर्श को आत्मसात करने और उनके सपनों के झारखंड निर्माण का संकल्प लें। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन शुक्रवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी में गुवा गोली कांड के शहीदों की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि सभा-सह-परियोजनाओं का शिलान्यास-उद्घाटन एवं परिसम्पत्ति वितरण कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने शहीद स्थल पर माल्यार्पण कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

हमारे पूर्वजों ने लड़ी लम्बी लड़ाई 

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे पूर्वज अलग-अलग समय में ब्रिटिश हुकूमत, शोषण, जुल्म और अन्य के खिलाफ लम्बी लड़ाई लड़ते रहे। चाहे वह अपने वजूद और अस्तित्व को बचाने का संघर्ष हो या जल, जंगल और जमीन की रक्षा का।  इस लड़ाई में कई ने अपने को बलिदान कर दिया। लेकिन, उन्होंने जो संघर्ष किया, उसी का परिणाम है कि आज आदिवासियों-मूलवासियों का अस्तित्व बरकरार है।

शहीदों को दे रहे हैं पूरा सम्मान

मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने वीर शहीदों और झारखंड अलग राज्य के आन्दोलनकारियों के साथ गुमनामी की जिन्दगी जीनेवाले शहीदों के आश्रितों को चिह्नित कर उन्हें सम्मान देने का काम हमारी सरकार कर रही है। इस क्रम में शहीदों के आश्रितों को नौकरी और पेंशन के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने का काम किया गया है।

आज भी कई चुनौतियां हैं, लेकिन हमारे कदम नहीं रुकेंगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भी हमारे सामने कई चुनौतियां हैं। आदिवासी दलित और पिछड़े लोग दशकों से हाशिये पर रहे हैं। आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक, बौद्धिक और राजनीतिक रूप से कमजोर होने की वजह से इन्हें नजरअंदाज किया जाता रहा है। अब जब ये आगे बढ़ रहे हैं, तो कुछ ताकते इन्हें रोकने की नापाक कोशिश कर रही हैं। लेकिन, हमने इन्हें मजबूत करने का जो संकल्प ले रखा है, उससे नहीं डिगेंगे। चाहे परिस्थितियां कैसी भी हों, इन्हें मजबूत करने के रास्ते पर चल पड़े हैं और कदम नहीं थमेंगे। 

साढ़े तीन वर्षों में विकास की खींची है लम्बी लकीर 

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार के गठन के बाद कोरोना महामारी और  सुखाड़ का सामना करना पड़ा। कोरोना काल के हालात से हम सभी वाकिफ हैं। लेकिन, हमारी सरकार ने इस वैश्विक बीमारी के खिलाफ जारी जंग के बीच भी विकास कार्यों को जारी रखा। आज हर वर्ग और हर तबके के लिए सरकार की योजनाएं हैं। पिछले साढ़े तीन वर्षों में तमाम चुनौतियों के बीच हमारी सरकार ने विकास की एक लम्बी लकीर खींची है। यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा।

हर बेघर को देंगे मकान 

मुख्यमंत्री ने कहा जिस तरह यूनिवर्सल पेंशन स्कीम के तहत सभी बुजुर्गों, दिव्यांगों, एकल महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ दिया जा रहा है, उसी तरह अब सभी बेघर को पक्का मकान देने का निर्णय सरकार ने लिया है। बहुत जल्द अबुआ आवास योजना की शुरुआत होगी, ताकि लोगों के अपने घर का सपना साकार हो सके। 

यहां के बच्चों के विदेश में पढ़ने के सपने को कर रहे साकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब यहां के आदिवासी, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के बच्चों का विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का सपना साकार हो रहा है। सरकार विद्यार्थियों के विदेश में पढ़ाई का पूरा खर्च वहन कर रही है। इसकी सबसे बड़ी खासियत है कि सरकार की सहायता से विदेश में पढ़ाई करनेवाले विद्यार्थियों के साथ किसी प्रकार की कोई शर्त नहीं रखी गयी है। वे विदेश से पढ़ कर अपना, अपने परिवार, समाज, राज्य और देश का नाम रोशन करें, यही हमारी उनसे उम्मीद है।

अभिभावक सिर्फ बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान दें,  नहीं करें खर्च की चिंता 

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा की बेहतरी पर सरकार का विशेष जोर है। इस सिलसिले में उत्कृष्ट विद्यालय खोले गये हैं। छात्रवृत्ति राशि में बढ़ोतरी की गयी है। बच्चियों के लिए सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना चलायी जा रही है। प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी से लेकर मेडिकल- इंजीनियरिंग जैसे कोर्सेज करने के लिए सरकार सहायता दे रही है। बच्चों का बेहतर भविष्य बने, इस दिशा में हम काम कर रहे हैं। हमारा अभिभावकों से कहना है कि वे अपने बच्चों को अच्छे से पढ़ायें, खर्च की चिंता नहीं करें। सरकार मदद करेगी।

मानकी- मुंडा व्यवस्था को कर रहे मजबूत

मुख्यमंत्री ने कहा कि मानकी-मुंडा पारम्परिक व्यवस्था जनजाति समुदाय की मजबूत कड़ी है। यह समाज के पुरोधा हैं।  इस व्यवस्था को हम और मजबूती दे रहे हैं, ताकि समाज को इनका लाभ ज्यादा से ज्यादा मिल सके। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने उनके बीच मोटरसाइकिल वितरित की।

95 योजनाओं की रखी गयी आधारशिला, 31 का उद्घाटन 

मुख्यमंत्री ने 406 करोड़, 11 लाख, 58 हजार  300 रुपये की लागत से 126 योजनाओं का उद्घाटन – शिलान्यास किया। इसमें 367 करोड़ 99 लाख 15 हजार रुपये की लागतवाली 95 योजनाओं की नींव रखी गयी। वहीं, 38 करोड़ 12 लाख 43 हजार 300 रुपये की 31 योजनाओं का उद्घाटन हुआ।

– 25 लाभुकों के बीच 23 लाख 35 हजार 636 रुपये की परिसंपत्तियां बांटी गई। जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री को इस बात से अवगत कराया गया कि चालू वित्तीय वर्ष 2023- 24 में  7 लाख 38 हजार 962 लाभुकों के बीच 282 करोड़ 27 लाख 35 हजार 4 सौ रुपए की परिसंपत्तियां वितरित की जा चुकी हैं।

– पश्चिमी सिंहभूम जिले के विभिन्न प्रखंडों में 91 आंगनबाड़ी केन्द्र भवन निर्माण का शिलान्यास।

– मनोहरपुर और जगन्नाथपुर के आईटीआई में हॉस्टल का शिलान्यास।

– 6 स्वास्थ्य उप केन्द्र भवन निर्माण का शिलान्यास।

– टोंटो और झींकपानी में स्टेडियम निर्माण का शिलान्यास।

– मझगांव में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का भवन निर्माण तथा चाईबासा सदर में 50 बिस्तरों की क्षमतावाले क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल का शिलान्यास।

– चाईबासा सदर के बिरसा मुंडा इंडोर स्टेडियम में एयर कंडीशंड जिम का उद्घाटन।

– तांतनगर और गोयलकेरा प्रखंड में प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, पर्यवेक्षक और अन्य कर्मचारियों के आवास निर्माण तथा प्रखंड परिसर के विकास सम्बन्धी कार्य का उद्घाटन।

– बंदगांव, गोईलकेरा, सोनुवा, नोवामुंडी, चाईबासा सदर, तांतनगर, चक्रधरपुर और खूंटपानी में सोलर कोल्ड स्टोरेज का उद्घाटन। 

– विभिन्न प्रखंडों में आठ धुमकुड़ियां हाउस निर्माण का उद्घाटन।

– चक्रधरपुर और बंदगांव में 33/11 केवी विद्युत शक्ति उप केन्द्र का उद्घाटन।

शहादत दिवस कार्यक्रम में मंत्री चम्पाई सोरेन और जोबा मांझी, सांसद  गीता कोड़ा, विधायक निरल पूर्ति, दीपक बिरुवा, दशरथ गगराई और सोनाराम सिंकू, जिला परिषद अध्यक्ष, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त एवं डीआईजी के अलावा पश्चिमी सिंहभूम जिले के उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक समेत जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे। 

Share this:

Latest Updates