रांची के अलग-अलग स्थानों पर वितरित किये गये ताड़ पत्ते से निर्मित 180 हाथ पंखे

Ranchi news : श्री सर्वेश्वरी समूह – शाखा रांची (औघड़ भगवान राम आश्रम, अघोर पथ, लेक रोड पश्चिम, रांची) के तत्वावधान में 01जून (दिन – रविवार) को ताड़ पत्ते से निर्मित 180 हाथ पंखों का वितरण रांची शहर के विभिन्न स्थानों पर किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत किशोर गंज चौक से की गयी। चौक पर सब्ज़ी एवं फल विक्रेता तथा साइकिल रिक्शा चालक बंधुओं को हाथ पंखा दिया गया।
इसके पश्चात पहाड़ी मन्दिर के मुख्य द्वार एवं श्री जग्गनाथ मंदिर परिसर, धुर्वा में बैठे असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को हाथ पंखे दिये गये। उसके उपरान्त हटिया रेलवे स्टेशन के बाहर एवं धुर्वा बाजार के निकट भी हाथ पंखों का वितरण किया गया।
इस कार्यक्रम को श्री सर्वेश्वरी समूह के 19 सूत्री कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित किया गया। ज्ञातव्य है कि श्री सर्वेश्वरी समूह एक विश्वस्तरीय सामाजिक एवं धार्मिक संस्था है, जो जनकल्याण के अनेक कार्यक्रम लगातार करती रहती है। पिछले महीने संस्था द्वारा ‘पंछी को दाना – पंछी को पानी’ जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत सकोरा (मट्टी का बर्तन) एवं दाना का पैकेट वितरित किया गया था। आनेवाली वर्षा ऋतु में शाखा द्वारा ‘सर्वेश्वरी वृक्षारोपण अभियान’ के अंतर्गत वृक्षारोपण एवं वृक्षवितरण कार्यक्रम भी वृहद स्तर पर किया जायेगा।
इस चिलचिलाती गर्मी में अपने जीवन यापन के लिए इस धूप में बैठे जरूरतमंद लोगों को यह हाथ पंखा अवश्य ही असह्य गर्मी से राहत देगा।
कार्यक्रम में श्री सर्वेश्वरी समूह – शाखा रांची की ओर से समरेन्द्र सिंह, राधा मोहन मिश्रा, कीर्तिमान नाथ शाहदेव, सौरभ राज, सागर सिंह, यदुनाथ शाहदेव इत्यादि शामिल हुए।



