घर से गई थी लाइब्रेरी, दूसरे तल पर हुई वारदात, अन्य दो की तलाश तेज
Ara news : भोजपुर में लाइब्रेरी गई एक छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर उसकी हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना हसनबाजार थाना क्षेत्र की है। इसे लेकर छात्रा के बड़े भाई ने संबंधित थाने में लाइब्रेरी संचालक व उसके साथियों के विरुद्ध प्राथमिकी कराई है। सामूहिक दुष्कर्म के बाद जहर देकर हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया गया है। इधर, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दुष्कर्म कांड में संलिप्त एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी राज के अनुसार पकड़ा गया डीसी यादव हसन बाजार थाना के कातर गांव का निवासी है।
गिरफ्तार आरोपित ने पूछताछ में दुष्कर्म में संलिप्तता स्वीकार की है। साथ ही कांड में संलिप्त अपने दो और साथियों कातर गांव के विकास यादव एवं बबलू यादव का नाम बताया है। इन दोनों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी चल रही है। लाइब्रेरी संचालक की भूमिका को लेकर जांच चल रही है। पुलिस ने साक्ष्य के तौर पर लाइब्रेरी के पास का सीसीटीवी फुटेज भी जब्त किया है। छात्रा की मौत कैसे हुई, इसको लेकर अभी जांच चल रही है। वैसे गलत दवा के डोज से भी मौत होने की आशंका जताई जा रही है। बताया गया कि 20 वर्षीय युवती स्नातक पार्ट-टू की छात्रा थी। प्रतिदिन की तरह 22 मई को भी हसनबाजार क्षेत्र स्थित एक लाइब्रेरी में पढ़ने के लिए गई थी। इसी दौरान लाइब्रेरी के दूसरे तल पर स्थित कमरे में तीन दोस्तों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और भाग निकले। बाद में सूचना पर स्वजन लाइब्रेरी पहुंचे तो छात्रा दूसरे तल के कमरे के बाहर गेट के पास अचेत पड़ी थी। स्वजन उसे पहले एक दवा दुकान पर ले गए तो दुकानदार ने पीरो अस्पताल ले जाने की सलाह दी थी। स्वजन उसे पीरो ला रहे थे, परंतु रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया था। इसके बाद लोक-लाज के डर से पुलिस को सूचना नहीं देकर गांव पर ही शव का दाह-संस्कार कर दिया था।
……………..
पहले से एक आरोपित के संपर्क में थी युवती
……………
पुलिस की जांच में यह बात आ रही है कि छात्रा कातर गांव के विकास यादव के संपर्क में थी। पुलिस को छात्रा के मोबाइल से उससे चैटिंग के साक्ष्य मिले हैं। विकास यादव व उसका दोस्त बबलू दोनों लाइब्रेरी के दूसरे तल के कमरे में रहते थे। घटना के दिन विकास ने ही मैसेज कर उसे बुलाया था।
……………
दुष्कर्म से पहले धोखे से खिलाई गई थी यौनवर्धक दवा
……………..
पुलिस की जांच में यह भी बात आ रही है कि आरोपितों ने सामूहिक दुष्कर्म के पहले छात्रा को धोखे से यौनवर्धक दवा भी खिलाई थी। इसके बाद वारदात को अंजाम दिया गया था। अचेत अवस्था में जब वह मिली थी तो उसे सांस लेने में परेशानी हो रही थी। पुलिस भी दवा के डोज से मौत की संभावना जता रही है।



