Patna : इंटरनेट मीडिया पर कथित प्रेमिका के साथ पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव के फोटो एवं वीडियो प्रसारित होने पर ऐश्वर्या राय ने सोमवार को चुप्पी तोड़ी एवं लालू परिवार पर प्रश्न खड़े किए। ऐश्वर्या ने राजद प्रमुख लालू यादव पूछा कि 12 वर्षों के संबंध की जानकारी घरवालों को जरूर होगी, फिर उन्होंने मेरी शादी करवा कर जिंदगी क्यों बर्बाद की। अब सब कुछ सबके सामने है। कहां है लालू परिवार का सामाजिक न्याय?
उन्होंने मीडिया के माध्यम से लालू परिवार को कठघरे में खड़ा किया। ऐश्वर्या ने तेजप्रताप को पार्टी से छह वर्षों के लिए निष्कासित एवं परिवार से निकाले जाने पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। कहा चुनाव नजदीक है, इसलिए ये लोग (लालू परिवार) ड्रामा कर रहे हैं। अब कहां गया इनका सामाजिक न्याय? उनसे पूछिए, मुझे मारा क्यों? ये सभी मिले हैं। कोई अलग नहीं है। ऐश्वर्या राय ने कहा कि बेटे की गलतियों को छुपाने के लिए सब आरोप लड़की पर डाल दिया जाता है। इन्होंने मेरे लिया क्या किया? यह भी पूछा जाना चाहिए। इस दौरान तेजप्रताप श्वसुर एवं पूर्व मंत्री चंद्रिका राय भी उपस्थित थे।
कोर्ट में है तलाक का प्रकरण
गौर हो कि 2018 में तेजप्रताप की शादी पूर्व मुख्यमंत्री दरोगा प्रसाद राय की पौत्री और पूर्व मंत्री चंद्रिका राय की बेटी ऐश्वर्या से हुई थी। कुछ माह बाद ही तलाक की नौबत बन आई। मामला अभी पारिवारिक न्यायालय में है। ऐसे में इस प्रकरण से परिवार के साथ पार्टी के लिए और भी विषम परिस्थिति बन सकती है।



