कार्मिक, प्रशासनिक सुधार व राजभाषा विभाग ने किया हिन्दी दिवस समारोह का आयोजन
Ranchi News : कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग, झारखंड ने रविवार 14 सितम्बर को श्रीकृष्ण लोक प्रशासन संस्थान, रांची में आयोजित हिन्दी दिवस समारोह का आयोजन किया। इस अवसर पर कार्मिक सचिव प्रवीण टोप्पो ने कहा कि हिन्दी हमारी राष्ट्रीय एकता, संस्कृति और संवाद की सशक्त भाषा है। उन्होंने कहा कि हिन्दी ने प्रशासनिक कार्यों को सरल और जनसामान्य तक सुगम बनाने में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया है। हिन्दी भाषा को और अधिक सरल, सहज तथा समृद्ध बनाने के लिए सभी को मिल कर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि दैनिक जीवन, प्रशासनिक कार्यों तथा तकनीकी क्षेत्रों में हिन्दी के प्रयोग को बढ़ावा देकर इसे और व्यापक बनाया जा सकता है। उन्होंने रेखांकित किया कि मातृभाषा के रूप में हिन्दी हमारी सांस्कृतिक पहचान है, जिसे आनेवाली पीढ़ियों तक सशक्त रूप से पहुंचाना हम सबकी जिम्मेवारी है। उन्होंने कहा कि हमारे विभाग की ओर से भारत सरकार के साथ होनेवाला पत्राचार भी हिन्दी में ही किया जाता है, जिससे हिन्दी का प्रयोग न केवल राज्य स्तर, बल्कि केन्द्र स्तर पर भी और सशक्त रूप से स्थापित हो रहा है।

हिन्दी के प्रचार-प्रसार में अग्रसर झारखंड सरकार
कार्मिक सचिव प्रवीण टोप्पो ने कहा कि झारखंड सरकार कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग के माध्यम से हिन्दी भाषा के प्रचार-प्रसार और इसके प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में निरन्तर कार्य कर रही है। विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और जागरूकता अभियानों के जरिये हिन्दी के प्रयोग को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
हाल ही में साहित्य अकादमी युवा पुरस्कार से सम्मानित लेखिका एवं हिन्दी विभाग (राम लखन सिंह यादव कॉलेज) की सहायक प्राध्यापक, डॉ. पार्वती तिर्की ने अपने सम्बोधन में कहा कि हिन्दी भाषा की गहराई तक जाना आवश्यक है। हिन्दी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक और साहित्यिक धरोहर भी है, जिसे नयी पीढ़ी तक पहुंचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। समारोह में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी हिन्दी को तकनीकी युग के अनुरूप बनाने, बिजनेस, मैनेजमेंट, मेडिकल, इंजीनियरिंग, ई-गवर्नेंस और डिजिटल प्लेटफार्मों पर इसके अधिकाधिक प्रयोग तथा विद्यालय से लेकर उच्च शिक्षा तक हिन्दी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने पर बल दिया।
इस अवसर पर कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग द्वारा निबंध प्रतियोगिता एवं लघु कथा प्रतियोगिता के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय विजेताओं को सम्मानित किया गया।

हिन्दी दिवस निबंध लेखन प्रतियोगिता-2025 के विजेताओं की सूची
प्रथम पुरस्कार : जितेंद्र कुमार मुंडा, ग्राम – बारिसालडीह, पोस्ट+ थाना- सोनाहातू, रांची, झारखंड।
द्वितीय पुरस्कार : हर्षिता कुमारी, ग्राम चौली, पोस्ट – खोरा , जिला – गुमला, झारखंड।
तृतीय पुरस्कार : प्रिया कुमारी, ग्राम – सोसोकलां, गोला , जिला – रामगढ़ , झारखंड।
हिन्दी दिवस लघु कथा लेखन प्रतियोगिता-2025 के विजेताओं की सूची
प्रथम पुरस्कार : युवराज शांतनु, क्वार्टर नम्बर आर.के.वन 196, रोहड़ाबांध, पोस्ट सिन्दरी , जिला – धनबाद, झारखंड।
द्वितीय पुरस्कार : राहुल कुमार, महतोटोली, कर्रा, झारखंड।
तृतीय पुरस्कार : अनुराधा कुमारी, कक्षा दशम, स्कूल – आशुतोष बालिका उच्च विद्यालय , रोहिणी, देवघर, झारखंड।
_इस अवसर पर सचिव, कार्मिक विभाग प्रवीण टोप्पो, विशेष सचिव, कार्मिक विभाग ओम प्रकाश साह, कवयित्री, लेखिका एवं शोधकर्ता डॉ. पार्वती तिर्की, पूर्व अध्यक्ष, रांची विश्वविद्यालय, डा. हीरानंद प्रसाद एवं कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारीगण एवं अन्य गण्यमान्य लोग उपस्थित थे।



