New Delhi News: एक्सिओम-4 मिशन के तहत भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला और उनके साथी अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर लगभग 18 दिन बिताने के बाद पृथ्वी पर वापसी करनेवाले हैं। इस महत्त्वपूर्ण उपलब्धि पर केन्द्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कहा कि सबसे खास बात यह है कि शुभांशु ने वहां जो प्रयोग किये हैं, चाहे वे जीवन विज्ञान से सम्बन्धित हों या वृक्षारोपण से, उनके लिए किट हमारे जैव प्रौद्योगिकी विभाग और भारतीय विज्ञान संस्थान, बंगलुरु और आईआईटी जैसे हमारे संस्थानों से उपलब्ध कराये गये थे। यानी स्वदेशी किट, स्वदेशी प्रयोग, स्वदेशी लोगों द्वारा किये गये प्रयोगों का लाभ देश ही नहीं, दुनिया के अन्य देश उठायेंगे और उनका उपयोग करेंगे।
डॉ. सिंह ने सोमवार को मीडिया से कहा कि अंतरिक्ष में किये गये सभी प्रयोगों की कल्पना भी नहीं की गयी थी। भारत की पहल पर शुभांशु ने पूरी दुनिया के लिए यह कर दिखाया है। पहली बार भारतीय मूल के प्रयोग किसी भारतीय व्यक्ति द्वारा दुनिया के लिए किये गये हैं।
‘एक्सिओम स्पेस‘ के अनुसार, पृथ्वी पर 22.5 घंटे की यात्रा के बाद क्रू मेंबर्स के कैलिफोर्निया तट पर तड़के चार बज कर 31 मिनट (भारतीय समयानुसार मंगलवार को अपराह्न तीन बजकर एक मिनट) पर उतरने की उम्मीद है। इस मिशन का नेतृत्व कमांडर पेगी व्हिटसन कर रही हैं, जबकि शुभांशु शुक्ला पायलट की भूमिका निभा रहे हैं। स्लावोस उजनान्स्की-विस्निव्स्की मिशन स्पेशलिस्ट हैं, जिनके साथ टिबोर कापू भी शामिल हैं। इस टीम ने अंतरिक्ष में 14 दिनों तक कई वैज्ञानिक रिसर्च किये, जिसमें अंतरिक्ष में मानव शरीर पर पड़नेवाले प्रभावों का अध्ययन करना, जैसे कि जीरो ग्रैविटी में शरीर की प्रतिक्रिया, माइक्रोग्रैविटी स्थितियों में विभिन्न खाद्य पदार्थों को अंकुरित करना और उनके विकास का अध्ययन करना, जैसे कि हरा चना, मेथी और मूंग शामिल है।
कुल मिला कर 31 देशों के 60 प्रयोग किये गये, जिसमें विज्ञान और तकनीक को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रकार के प्रयोग शामिल हैं।
शुभांशु शुक्ला के स्वदेशी किट के साथ किये गये प्रयोगों का लाभ पूरे विश्व को होगा : जितेन्द्र सिंह

Share this:


