Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:


Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:

☀️
–°C
Fetching location…

महागठबंधन की सरकार ने किया घोटाला, जनता से की वादाखिलाफी : अमित शाह

महागठबंधन की सरकार ने किया घोटाला, जनता से की वादाखिलाफी : अमित शाह

भाजपा के विस्तारित कार्यसमिति सम्मेलन में झामुमो-कांग्रेस पर जमकर बरसे गृह मंत्री

Ranchi news : केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को यहां प्रदेश भाजपा के विस्तारित कार्यसमिति सम्मेलन में जेएमएम और कांग्रेस पर जम कर हमला बोला। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की अगुवाई वाली यहां की महागठबंधन सरकार देश में सबसे भ्रष्ट है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से झारखंड विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि झारखंड हमेशा नक्सलवाद से पीड़ित रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने झारखंड और बिहार को नक्सलवाद से मुक्ति दिलायी है।

अमित शाह शनिवार को राजधानी रांची के जगन्नाथ मैदान, धुर्वा में प्रदेश भाजपा के विस्तारित कार्यसमिति सम्मेलन में झारखंड के 26000 कार्यकर्ताओं और नेताओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के एक सांसद के घर से 300 करोड़ कैश मिलता है। एक मंत्री के पीए के घर से 30 करोड़ कैश मिलता है। कांग्रेस पार्टी जवाब दे कि ये पैसे किसके हैं? कांग्रेस ऐसे भ्रष्टाचारियों को लेकर चलती है और झामुमो भी उनके साथ है। झामुमो सरकार घपले घोटालों की सरकार है।

शाह ने कहा कि 1000 करोड़ का मनरेगा घोटाला, 300 करोड़ का जमीन घोटाला, सेना की जमीन का घोटाला, 1000 करोड़ का खनन घोटाला, 40 करोड़ का शराब घोटाला, हजारों करोड़ों के ट्रांसफर पोस्टिंग का घोटाला इस सरकार के कार्यकाल में हुआ है। यह घोटाला और वादाखिलाफी करनेवाली सरकार है। भारतीय जनता पार्टी वादाखिलाफी की एक लिस्ट लेकर राज्य की जनता के सामने जानेवाली है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुरोध किया कि इस राज्य सरकार की वादाखिलाफी की लिस्ट और भाजपा के विकास कार्यों की सूची लेकर झारखंड के घर-घर में दस्तक देकर पार्टी के पक्ष में समर्थन जुटायें।

लैंड जिहाद और लव जिहाद कर संतुलन बिगाड़ दिया

शाह ने कहा कि एक आदिवासी मुख्यमंत्री आदिवासियों की चिन्ता करने के बजाय आदिवासियों के क्षेत्र में लैंड जिहाद और लव जिहाद कर भूमि का संतुलन भी बिगाड़ रहे हैं और जनसंख्या का संतुलन भी। हजारों घुसपैठिये आदिवासी बच्चियों के साथ शादी करते हैं, सर्टिफिकेट प्राप्त करते हैं, भूमि खरीदते हैं। अभी आदिवासियों की जनसंख्या घटी है। आनेवाले दिनों में आदिवासियों की जनसंख्या और घटनेवाली है। आदिवासियों की जनसंख्या केवल झारखंड में कम हो रही है। आप भाजपा की सरकार बना दो, हम जनसंख्या के मामले में एक श्वेत पत्र लाकर आदिवासी भाइयों के मामले में भूमि, जनसंख्या और आरक्षण ; तीनों सुरक्षित करने का काम करेंगे।

झारखंड में घुसपैठिये यहां के युवाओं की नौकरियां हड़प रहे

शाह ने कहा कि जिस प्रकार झारखंड में घुसपैठ हो रही है, यह यहां के युवाओं की नौकरियों को खा रही है। घुसपैठिये नौकरियों को प्राप्त कर रहे हैं और राज्य सरकार आंख मूंद कर वोट बैंक बढ़ाने में लगी है। इस सरकार के आदिवासी कल्याण का मतलब है अपने परिवार का कल्याण। शाह ने कहा कि हेमन्त ने आदिवासियों का कल्याण नहीं किया, परंतु भाजपा ने इस दिशा में कई उल्लेखनीय कार्य किया है। सबसे पहला आदिवासी मुख्यमंत्री भाजपा ने बाबूलाल को बनाने का काम किया। सबसे पहले आदिवासी राष्ट्रपति बनाने का काम किया। संथाली भाषा को आठवीं अनुसूची में अटल बिहारी वाजपेयी ने डाला और उन्होंने ही आदिवासी कल्याण मंत्रालय बनाया। हर स्टेशन पर संथाली में घोषणा कराने का काम नरेन्द्र मोदी ने किया।

2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी

उन्होंने कहा कि झारखंड के हर बूथ से कार्यकर्ता आये हैं। मैं आप सभी का हृदय से अभिनंदन करता हूं। आपकी ताकत से ही झारखंड में भाजपा 09 सीटें जीती है। मैं झारखंड की जनता को भी प्रणाम करता हूं, आभार जताता हूं। 2014 हो, 2019 हो या 2024 हो, मोदी के नेतृत्व में आपने हमेशा हमारी झोली कमल से भर दिया है। झारखंड में 81 में से 52 सीटों पर लोकसभा में भाजपा को बढ़त मिली है, जो बताता है कि इस बार के विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार प्रचंड बहुमत के साथ बनेगी। मैं आदिवासियों, दलितों, पिछड़ों के साथ समस्त झारखंड की जनता के लिए अपील करने आया हूं कि इस घोटालेबाज प्रदेश सरकार को उखाड़ कर मोदी के नेतृत्व में कमल के फूल की सरकार बनाइए। उन्होंने झामुमो-कांग्रेस गठबंधन को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि वे लोग लिख कर रख लें 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने जा रही है।

शाह ने कहा कि भाजपा कोई चुनाव जीतती है, तो उसका कारण बूथ का कार्यकर्ता होता है, जो 24 घंटे सजग रहता है। मैं आपको भरोसा देने आया हूं, चाहे मोदी सरकार हो, बाबूलाल मरांडी की सरकार हो, अर्जुन मुंडा की सरकार हो या फिर रघुवर दास की सरकार हो, भाजपा सरकार ने कुछ ऐसा नहीं किया, जिससे आपको (भाजपा कार्यकर्ता) सिर झुकाना पड़े। भाजपा सरकार ने ऐसा शासन किया है, जिससे आप (भाजपा कार्यकर्ता) जनता के बीच शान से सिर उठा कर जा पायें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 10 वर्ष के शासन में झारखंड के विकास के लिए मात्र 84,000 करोड़ दिये गये और मोदी ने 03 लाख 84 हजार करोड़ रुपये झारखंड के विकास के लिए दिये। प्रधानमंत्री ने झारखंड के लिए 18,000 करोड़ रेलवे, 1000 करोड़ एयरपोर्ट के लिए दिये, एम्स दिये। बिरसा मुंडा के पैतृक गांव जानेवाले मोदी पहले प्रधानमंत्री बने।

अमित शाह ने कहा कि लोकतंत्र में कई लोगों में विजय के बाद अहंकार आता है। झारखंड में भी ऐसे लोग सत्ता में बैठे हैं, परन्तु पराजय के बाद अहंकार आया है, ऐसा मैं पहली बार देख रहा हूं। देश में सरकार भाजपा की बनी, चुनाव भाजपा जीती और अहंकार कांग्रेस पार्टी को आया। संसद में राहुल गांधी का कार्यकलाप देश की जनता ने देखा है। इतना अहंकार दो तिहाई बहुमत के बाद भी कोई नहीं पालता है।

Share this:

Latest Updates