Buxar News : जिले के राजपुर थाना अंतर्गत अहियापुर गांव में शुक्रवार को बालू-गिट्टी गिराने के विवाद में शनिवार तड़के हुई गोलीबारी में एक ही परिवार के तीन चचेरे भाइयों की हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान सुनील सिंह यादव (40 वर्ष), विनोद सिंह यादव (50 वर्ष) और वीरेंद्र सिंह यादव (35 वर्ष) के रूप में हुई। जबकि पूजन सिंह यादव (40 वर्ष) और मंटू सिंह यादव (35 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका उपचार वाराणसी के अस्पताल में चल रहा है। पीड़ित और आरोपित पक्ष आपस में दूर के पट्टीदार हैं।
दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश रही है, जो बीते पंचायत चुनाव के बाद और अधिक गहरा गई थी। दोनों पक्षों के बीच ताजा विवाद सड़क के किनारे बालू गिराकर बेचने को लेकर हुआ। दोनों पक्ष एक ही जगह बालू भंडारण करते थे। इसी को लेकर विरोध बीते शुक्रवार को भी दोनों पक्षों में संघर्ष हुआ था।
नहर की जमीन पर बालू की दुकान खोलने को लेकर चल रहा था विवाद
सदर एसडीपीओ धीरज कुमार ने बताया कि कौआखोच-जलहरा नहर मार्ग पर अहियापुर गांव के सामने स्थानीय निवासी सुनील यादव ने सड़क और नहर की जमीन पर बालू की दुकान खोल रखी है। कुछ दिनों पहले गांव के पूर्व मुखिया मनोज यादव ने भी उसी स्थान पर अपनी दुकान खोलने के लिए बालू गिरा दिया। इसको लेकर दोनों में कुछ दिन पहले विवाद हुआ था। शुक्रवार को मनोज ने फिर उसी जगह बालू गिराया तो दोनों पक्षों में फिर से विवाद हुआ था। इस बीच शनिवार की अल सुबह पांच बजे हथियारों से लैस पूर्व मुखिया अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर दूसरे पक्ष पर हमला बोल दिया। पहले दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। थोड़ी ही देर में एक पक्ष से फायरिंग शुरू कर दी गई। घटना के दौरान दोनों पक्ष की ओर से 10 मिनट में करीब 20 राउंड से अधिक गोलियां चलाई गई। कई थानों की पुलिस अहियापुर में कैंप कर रही है। सूचना पर दलबल के साथ पुलिस उप महानिरीक्षक सत्य प्रकाश, जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल व पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य पहुंचे और ग्रामीणों से जानकारी ली।



