Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:


Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:

☀️
–°C
Fetching location…

छत्तीसगढ़ के बस्तर प्रवास पर आयेंगे केन्द्रीय गृहमंत्री शाह, जवानों से करेंगे मुलाकात

छत्तीसगढ़ के बस्तर प्रवास पर आयेंगे केन्द्रीय गृहमंत्री शाह, जवानों से करेंगे मुलाकात

Basatar News: छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षाबलों को लगातार मिल रही बड़ी कामयाबी को लेकर जहां दिल्ली में शनिवार को केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अधिकारियों को सम्मानित किया, वहीं नक्सल अभियान में लगे जवानों को प्रोत्साहित और उनका हौसला बढ़ाने को जून के अंतिम सप्ताह में शाह बस्तर आयेंगे, ताकि इन जवानों को ऐसे अभियानों के लिए नयी ऊर्जा देने के साथ उनके मनोबल को और भी मजबूत किया जा सके। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अमित शाह के सम्भावित दौरे की पुष्टि की है।
सुरक्षाबलों ने बीते महीने अबूझमाड़ के घने जंगलों में हुई मुठभेड़ में माओवादी संगठन के शीर्ष कैडर के 10 करोड़ के इनामी कुख्यात नक्सली बसव राजू को ढेर किया था। इसके बाद से सुरक्षाबलों की कामयाबी का जो सिलसिला शुरू हुआ, वह अब तक जारी है। सुरक्षाबलों ने बीती 05 जून को 01 करोड़ के इनामी केन्द्रीय समिति सदस्य गौतम उर्फ सुधाकर और 06 जून को 45 लाख के इनामी भास्कर को भी मार गिराया था। इसके अलावा सात जून को 05 अन्य नक्सली भी इस कार्रवाई में ढेर किये गये हैं। सुरक्षाबल बरामद इन पांच अज्ञात नक्सली शवों की पहचान स्थापित करने का प्रयास कर रहे हैं।
इन बड़ी सफलताओं के बाद केन्द्रीय गृहमंत्री शाह ने दिल्ली में बीते शनिवार को पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के शीर्ष अधिकारियों को सम्मानित किया और अब जवानों से मिलने स्वयं छत्तीसगढ़ के बस्तर के विशेष प्रवास पर आयेंगे। केन्द्रीय गृह मंत्री का जून महीने के अंतिम सप्ताह में छत्तीसगढ़ के बस्तर के विशेष प्रवास पर रहना प्रस्तावित है। शाह नक्सल आॅपरेशन में शामिल सुरक्षाबलों के जवानों से सीधे मुलाकात करेंगे और उनका हौसला बढ़ायेंगे।
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अमित शाह के सम्भावित दौरे की पुष्टि करते हुए कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री शाह का यह दौरा केवल जवानों से मुलाकात तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा, विकास योजनाओं की प्रगति और प्रशासनिक ढांचे की मजबूती जैसे विषयों पर उच्चस्तरीय बैठकें भी होंगी।
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्विटर पर लिखा था कि हाल ही में एंटी-नक्सल आॅपरेशन में अहम भूमिका निभानेवाले अधिकारियों से भेंट कर उन्हें ऐतिहासिक सफलता पर बधाई दी है। अब जल्द ही छत्तीसगढ़ जाकर अपने बहादुर जवानों से मिलने के लिए उत्सुक हूं, जल्द ही छत्तीसगढ़ आकर उनसे भेंट करूंगा। मोदी सरकार नक्सलवाद के दंश से भारत को मुक्त करने के लिए संकल्पित है। इस ट्वीट के बाद से ही प्रदेश में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर चर्चाएं तेज हो गयी हैं।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षाबलों की रणनीति और जमीनी कामयाबी को देखते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह स्वयं छत्तीसगढ़ के बस्तर सम्भाग के नक्सल प्रभावित इलाकों में पहुंच कर यहां तैनात सुरक्षाबलों के जवानों की पीठ थपथपायेंगे। सूत्रों के अनुसार वह छत्तीसगढ़ के बस्तर सम्भाग के नक्सल प्रभावित इलाकों के किसी नक्सल प्रभावित जिले में पहुंच सकते हैं। हालांकि, जगह और तारीख को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गयी है। इस विशेष बस्तर प्रवास के दौरान केन्द्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, आईबी प्रमुख तपन डेका समेत सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रह सकते हैं। इससे नक्सल मोर्चे पर जारी रणनीति को और अधिक धार मिलेगी और आनेवाले समय में नक्सली गतिविधियों को पूरी तरह खत्म करने की दिशा में मजबूती से कदम बढ़ेंगे।
00000000000000000000

Share this:

Latest Updates