Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:


Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:

☀️
–°C
Fetching location…

एक्शन मोड में कल्याण मंत्री; तीन दिनों में छात्रवृत्ति वितरण का निर्देश, कोताही बरतने पर पदाधिकारियों का रुकेगा वेतन

एक्शन मोड में कल्याण मंत्री; तीन दिनों में छात्रवृत्ति वितरण का निर्देश, कोताही बरतने पर  पदाधिकारियों का रुकेगा वेतन

▪︎ जिलों के कल्याण पदाधिकारी, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, आईटीडीए व प्रमंडलीय उप-निदेशकों को दिये कड़े निर्देश

▪︎ कोड़रमा एवं रामगढ़ जिला में प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति की शून्य प्रगति पर मंत्री ने जतायी नाराजगी

▪︎ साइकिल एवं छात्रवृत्ति वितरण को लेकर की उच्चस्तरीय समीक्षा

Ranchi News : कल्याण मंत्री चमरा लिंडा ने मंगलवार को मोरहाबादी स्थित कल्याण कॉम्प्लेक्स में सभी जिलों के कल्याण पदाधिकारी, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, आईटीडीए तथा प्रमंडलीय उप-निदेशकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के बीच साइकिल तथा छात्रवृत्ति वितरण के कार्य प्रगति की जिलावार समीक्षा की। इस दौरान मंत्री चमरा लिंडा प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति वितरण के मामले में रामगढ़ एवं कोडरमा जिला के प्रति नाराजगी जतायी। उन्होंने रामगढ़ एवं कोडरमा जिला के कल्याण पदाधिकारी को अगले तीन दिनों के भीतर छात्रवृत्ति राशि वितरण किये जाने के सख्त निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति वितरण मामले में जो पदाधिकारी कोताही बरतेंगे, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी। कोडरमा एवं रामगढ़ जिला में अगले तीन दिनों में छात्रवृत्ति राशि वितरण की प्रगति में सुधार नहीं होने की स्थिति में सम्बन्धित पदाधिकारियों का जनवरी माह 2025 का वेतन रोकें।

जनहित एवं जनसेवा सर्वोच्च प्राथमिकता

मंत्री ने सभी जिलों को निर्देश दिया कि आगामी 04 जनवरी तक प्री मैट्रिक से सम्बन्धित सभी लम्बित छात्रवृत्ति भुगतान के मामलों का निपटारा प्राथमिकता के साथ करें। कल्याण विभाग के पदाधिकारी जनहित और जन सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। कल्याण विभाग के अंतर्गत काम करनेवाले सभी यह समझें कि वे सामाजिक कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पदाधिकारी समस्या नहीं बल्कि समाधान का रास्ता निकालें।

फरवरी 2025 के अंत तक पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति राशि वितरण प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश

मंत्री चमरा लिंडा ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि आनेवाले माह फरवरी 2025 तक पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति राशि वितरण के सभी मामलों को पूर्ण कर लिया जाये। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति राशि वितरण कल्याण विभाग का एक महत्त्वपूर्ण कार्य है। अध्यनरत विद्यार्थियों को ससमय छात्रवृत्ति राशि मिलने से उन्हें शैक्षणिक पाठ्यक्रमों तथा परीक्षा की तैयारी में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विशेष तौर पर एसटी, एससी छात्र-छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में समान अवसर प्रदान करने का कार्य कर रही है, इसलिए यह जरूरी है कि छात्रवृत्ति की राशि निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत एसटी, एससी सहित सभी वर्गों के छात्र-छात्राओं को प्रदान की जाये।

जनवरी 2025 के अंत तक साइकिल वितरण का कार्य पूर्ण करें

मंत्री चमरा लिंडा ने निर्देश दिये कि जनवरी 2025 के अंत तक साइकिल वितरण का कार्य पूर्ण करें। साइकिल योजना का उद्देश्य वर्ग-08 (कक्षा आठ) से ड्राप आउट रोकना है। इसलिए साइकिल का वितरण समय पर हो। नामांकन के साथ ही वर्ग-08 (कक्षा आठ) के बच्चों को साइकिल मिले, इसके लिए सभी आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आनेवाले दिनों में भी सत्र प्रारम्भ होने के साथ ही विद्यार्थियों को साइकिल उपलब्ध कराने का कार्य योजना तैयार रखें। किसी भी हाल में साइकिल वितरण कार्य में विलम्ब न हो, यह विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए।

इस अवसर पर विभाग के सचिव कृपानंद झा एवं आदिवासी कल्याण आयुक्त अजय नाथ झा सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

Share this:

Latest Updates